हिट एंड रन जैसे गंभीर मुद्दों से लेकर ओवरलोडिंग और पार्किंग समस्या तक—राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा बना ट्रक ट्रांसपोर्ट और सारथी समाज की आवाज
बिहार : राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा की बिहार इकाई द्वारा आज एक राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें परिवहन उद्योग से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन के साथ-साथ संगठन को और मजबूत एवं संरचित रूप देने की दिशा में ठोस विमर्श किया गया।
बैठक में बिहार प्रभारी प्रभात कुमार शाह ने कहा कि हिट एंड रन कानून के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा ने न केवल अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि जमीनी स्तर पर ट्रक और ट्रांसपोर्ट समाज के साथ खड़े होकर अपने उत्तरदायित्वों को बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि यदि आज सड़कों पर किसी संगठन के कार्यकर्ता ट्रांसपोर्ट जगत की भलाई के लिए संघर्षरत हैं, तो वह राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा के ही हैं।बिहार प्रभारी सह प्रवक्ता बृजेश जायसवाल ने कहा कि मोर्चा अब झारखंड और उत्तर प्रदेश तक अपने संगठनात्मक विस्तार के साथ, पूरे बिहार में पार्किंग संकट के स्थायी समाधान की दिशा में काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब बिहार में ट्रक मालिकों को स्थानीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा और राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा की भागीदारी परिवहन से जुड़े हर निर्णय में सुनिश्चित की जाएगी। ओवरलोडिंग, सिंगल जीएसटी, डबल ट्रिप, बिना जीएसटी के चल रहे लौह व अन्य भारी परिवहन पर निर्णायक संघर्ष होगा, जिसमें पटना, बिहटा, कोडरमा, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्र शामिल हैं।प्रदेश अध्यक्ष शिवराज यादव ने घोषणा की कि शीघ्र ही खगड़िया में एक बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा तथा पूरे बिहार में दौरा कर संगठन की पूर्णकालिक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने कहा, “आज जो पुलिस प्रशासन व एंट्री माफिया का भय कम हुआ है, वह हमारी रणनीति का ही परिणाम है। आने वाले समय में ट्रक मालिकों को काम और सम्मान देने की जिम्मेदारी भी राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा निभाएगा।”मुजफ्फरपुर से दीपक सिंह ने भरोसा दिलाया कि मोर्चा संघर्ष की विरासत को बनाए रखेगा और “संघर्ष में न कल कोई कमी थी, न आज है और न ही भविष्य में होगी।”

मुंगेर जिला अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने जोर दिया कि मुंगेर को संगठन का “मॉडल जिला” बनाया जाएगा। उन्होंने संकल्प लिया कि “जब भी बिहार टीम या राष्ट्रीय कार्यकारिणी आवाज देगी, मुंगेर जिला अपनी पूरी ताकत के साथ केंद्रीय भूमिका निभाएगा।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजकुमार यादव ने मुंगेर को “संघर्षशील धरती” बताते हुए इसके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज जो कार्य योजना बनी है, वह “न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के ट्रक ट्रांसपोर्ट और सारथी समाज के लिए एक नई दिशा निर्धारित करेगी।”राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में प्रभात शाह को सर्वसम्मति से नामित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय नेतृत्व से रविंद्र बधानी ने मोबाइल के माध्यम से संदेश भेजते हुए मुंगेर टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस बैठक में कुमोद यादव, अविनव कुमार, संतोष कुमार, बृजेश यादव, संतोष यादव, विपुल सिंह सहित सैकड़ों परिवहन नेताओं की सक्रिय भागीदारी रही। एक स्वर में यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा न सिर्फ संगठन है, बल्कि परिवहन समाज की उम्मीद बन चुका है।
